गांजा की तस्करी में पलामू में पकड़ी गयी बिहार की महिला : ओडिशा से जुड़े थे तस्करी के तार

गांजा की तस्करी में पलामू में पकड़ी गयी बिहार की महिला : ओडिशा से जुड़े थे तस्करी के तार

पलामू । मेदिनीनगर से पुलिस ने नशीले पदार्थ बेचने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि महिला ओड़िशा से गांजा खरीदकर झारखंड में लाकर बेचती थी । झारखंड में गांजा की कीमत ओडिशा से तीन गुणा अधिक बढ़ जाती है। गिरफ्तार महिला का नाम पूजा कुंवर है। उसके पास से साढ़े तीन किलो गांजा बरामद हुआ है। महिला तस्कर बिहार के नवीनगर बेगाही गांव की निवासी है। 

इस मामले में सदर एसडीपीओ ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली की एक महिला पांकी रोड में जनकपुरी रामजानकी मंदिर के पास नारंगी रंग के बैग में गांजा लेकर खड़ी है। वो गांजा को कहीं बेचने जा रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गयी। पुलिस ने रामजानकी मंदिर के बाहर एक महिला को नारंगी रंग के बैग के साथ देखा। महिला पुलिस की गाड़ी देखकर छिपने का प्रयास करने लगी। वह रामजानकी मंदिर के बगल वाली गली की तरफ चली गयी। उसे महिला पुलिसकर्मियों ने रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी लेने पर महिला के पास से दो पैकेट में करीब साढ़े तीन किलो गांजा मिला। गांजा को जब्त कर पुलिस महिला तस्कर को थाना ले आई। पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त कर लिया है। और मोबाइल के सहारे उसके नेटवर्क को खंगालने की कोशिश की जा रही है।