राज्य के 15 जिले डेंगू और 10 जिले चिकनगुनिया की चपेट में

राज्य के 15 जिले डेंगू और 10 जिले चिकनगुनिया की चपेट में

रांची । बदलते मौसम ने बीमारियों की रफ्तार में तेजी ला दी है। राज्य इन दिनों डेंगू और चिकनगुनिया की चपेट में है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े बताते हैं कि 15 जिले डेंगू और 10 जिले चिकनगुनिया की चपेट में हैं।

जमशेदपुर में डेंगू के मरीजों की संख्या सर्वाधिक 475 है। रांची दूसरे स्थान पर है, जहां एक मरीज की मौत हो चुकी है। रांची में अगस्त तक 26 डेंगू और 47 चिकनगुनिया के मामले मिले थे। रांची के रिम्स और सदर अस्पताल में 20 मरीज इलाजरत हैं। सरकारी जांच व्यवस्था के साथ-साथ निजी लैब में हो रही जांच में डेंगू के मामले सामने आ रहे हैं।

डेंगू-चिकगुनिया के मामले को देखते हुए राजधानी रांची में प्लेटलेट्स की मांग बढ़ गयी है। हर दिन लगभग 10 यूनिट प्लेटलेट्स की जरूरत राजधानी रांची को हो रही है। आंकड़ों के मुताबिक जुलाई में जहां प्लेटलेट्स की जरूरत 96 यूनिट थी वह अगस्त से लेकर अब तक 252 यूनिट हो गयी है। वहीं मरीजों की संख्या की बात करें तो सिर्फ रिम्स में ही मच्छर जनित बीमारियों के रोज 10 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है।