अगर हमने अब भी पर्यावरण को संरक्षित नहीं किया तो धरती पर जीवन कठिन हो जाएगा : अविनाश देव

अगर हमने अब भी पर्यावरण को संरक्षित नहीं किया तो धरती पर जीवन कठिन हो जाएगा : अविनाश देव

पलामू । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर संत मरियम आवासीय विद्यालय द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक जागरूकता रैली सह साइकिल यात्रा का आयोजन किया गया। 


इस अभियान का उद्देश्य छात्रों व आम लोगों को स्वच्छ, हरित और सतत जीवनशैली के लिए प्रेरित करना था। रैली की शुरुआत विद्यालय परिसर से हुई, जिसे हरी झंडी दिखाकर पलामू प्रमंडल के सुप्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. राजीव नयन, ऑर्थो सर्जन डॉ. प्रवीण सिद्धार्थ, विद्यालय चेयरमैन अविनाश देव, प्राचार्य कुमार आदर्श तथा ट्रैफिक प्रभारी शमाल अहमद ने रवाना किया। 


इस अवसर पर विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं अपने-अपने साइकिलों पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े नारे और हाथों में पौधे लेकर शहर भ्रमण पर निकले। मौके पर छात्रों ने जोशीले अंदाज़ में नारे लगाए— 'हम बच्चे मिलकर पेड़ लगाएंगे, धरती को स्वर्ग बनाएंगे।' इन नारों के माध्यम से उन्होंने नागरिकों को अधिकाधिक वृक्षारोपण व प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया।


इस अवसर पर विद्यालय चेयरमैन अविनाश देव ने कहा कि विलुप्त होते पशु-पक्षी इंसान को चेतावनी दे रहे हैं। अगर हमने अब भी पर्यावरण को संरक्षित नहीं किया तो धरती पर जीवन कठिन हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग, असामान्य मौसम बदलाव और वन्यजीवों की घटती संख्या हमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति सचेत कर रही है। अविनाश देव ने यह भी बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 1972 से संयुक्त राष्ट्र द्वारा मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है। संत मरियम स्कूल हर वर्ष हजारों पौधे वितरित कर, रैली निकालकर और थीम आधारित कार्यक्रमों के माध्यम से इस दिन को विशेष रूप से मनाता है। 


कार्यक्रम का समापन पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण, अभिभावक और बड़ी संख्या में आम लोग उपस्थित थे।